लखनऊ: बुधवार रात को उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक समुदाय के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि कई घायल हो गए। मजलिस से लौट रहे जायरीनों पर अज्ञात लोगों ने गोली चला दी। ताबड़तोड़ गोली चलने से भगदड़ मच गई जिसका फायदा उठाकर हमलावर मौके से भाग निकले।घटना में सुलेमान उर्फ शानू (27) नामक युवक की जान चली गई और दो अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा आठ से अधिक घायल हो गए। घायलों को बलरामपुर अस्पताल और ट्रामा सेंटर में दाखिल कराया गया है।
देर रात हंगामे के बीच लोगों ने ट्रामा सेंटर का घेराव कर नारेबाजी की और विभिन्न मोहल्लों में पथराव किया गया। जिलाधिकारी व एसएसपी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। लोगों ने इस हमले को पीछे एक दबंग पार्षद, उसके रिश्तेदार पूर्व सांसद का हाथ होने का आरोप लगाया है।घटना रात करीब नौ के लगभग हुई। वजीरगंज क्षेत्र में बुलंदबाग स्थित डिप्टी अजीम साहब के इमामबाड़े में बुधवार को मजलिस हो रही थी। मजलिस के दौरान ही इलाके की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी। शाम करीब सात बजे हुई मजलिस रात करीब नौ बजे समाप्त हुई।
मजलिस समाप्त होने के बाद जब जायरीन इमामबाड़ा से बाहर निकल कर गली के नुक्कड़ पर पहुंचे तो वहां मौजूद अकबर अली की दुकान के समीप खड़े कुछ लोगों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमले का शिकार गौसगंज से अपने ठेकेदार पिता अशोक यादव को खाना लेकर त्रिवेणीनगर जा रहा वेद प्रकाश यादव नाम का युवक भी हो गया।
लोगों का कहना है कि हमलावरों ने वेद प्रकाश को भी जायरीन समझ कर उसके पेट में गोली मार दी। उसकी दशा गंभीर है। एकाएक गोली चलने से वहां भगदड़ मच गई। जायरीनों पर गोली चलने की सूचना मिलते ही पुराने लखनऊ का माहौल तनावपूर्ण हो गया। लोगों ने मौके पर सड़क जाम करने के साथ ही बलरामपुर और ट्रामा सेंटर के बाहर भी हंगामा करना शुरू कर दिया। रात करीब 11 बजे शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद भी ट्रामा सेंटर पर आ पहुंचे थे।
आईजी कानून-व्यवस्था बीपी सिंह ने हालांकि, किसी के मरने की सूचना से इन्कार किया। उन्होंने यह भी माना कि इस हमले में कई लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज हो रहा है। हमले में मरने वाले सुलेमान उर्फ शानू के भाई अली मोहम्मद ने बताया कि सभी हमलावर मुंह पर काला कपड़ा बांधे हुए थे और उन्होंने बगैर कोई चेतावनी दिए गोलियां चलानी शुरू कर दी। लोगों ने तो यहां तक आरोप लगाया कि हमलावर भाग कर पास के ही एक नामी व्यक्ति के घर में जा घुसे थे। हालांकि, अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है
source : 

लखनऊ में दो गुटों में हिंसक झड़प एक की मौत, कई घायल